मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण जागरूकता अभियान चलाया गया

संवाददाता | कानपुर देहात

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान जनपदीय थाना पुलिस द्वारा सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 पुलिस कंट्रोल रूम की जानकारी भी साझा की गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं को UPCOP मोबाइल ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में बताया तथा फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा की भावना मजबूत करना और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।

पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *