संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद कानपुर देहात की थाना पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने उन्हें महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) प्रमुख रहे।
पुलिस अधिकारियों ने UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी आदि से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत उपलब्ध कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।