बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोप में वांछित युवक गिरफ्तार

संवाददाता
कानपुर देहात

थाना मंगलपुर पुलिस ने बाल यौन शोषण से संबंधित अश्लील सामग्री ऑनलाइन प्रसारित करने के मामले में वांछित एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को थाना मंगलपुर की साइबर हेल्प डेस्क को एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर बाल यौन शोषण से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई। जांच के दौरान चार मोबाइल नंबरों से नाबालिग बच्चों की अश्लील तस्वीरें एवं वीडियो प्रसारित होने की जानकारी सामने आई।

प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना मंगलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पता चला कि जिनके नाम पर मोबाइल नंबर पंजीकृत थे, उनकी मृत्यु हो चुकी है और वे नंबर उनके पुत्र कार्तिकेय (22 वर्ष) द्वारा उपयोग किए जा रहे थे। साक्ष्यों के आधार पर विवेचना में उनका नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस ने उन्हें मामले में आरोपी बनाया।

थाना मंगलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झींझक पुल के पास से आरोपी कार्तिकेय, निवासी ग्राम लगरथा, थाना मंगलपुर, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम की धारा 14(1)/15 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67-बी के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, मुख्य आरक्षी अवनीश यादव तथा आरक्षी सोनू कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *