संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद में मतदाताओं को सुगम एवं सुविधाजनक मतदान व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन के संबंध में अपने सुझाव एवं विचार रखे।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों का युक्तिसंगत सम्भाजन किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान केंद्र तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा मतदाताओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बैठक में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बिंदुओं का परीक्षण निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत तरीके से संपन्न की जाएगी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदेय स्थलों के निर्धारण एवं सम्भाजन के दौरान मतदाताओं की संख्या, भौगोलिक स्थिति, आवागमन की सुविधा तथा मतदान केंद्रों की आधारभूत व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े तथा दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, निर्वाचन विभाग के अधिकारी, विभिन्न उपजिलाधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।