मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस दौरान महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।

पुलिस द्वारा महिलाओं को 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी एवं अन्य डिजिटल अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें। सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण में सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *