मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज, 12 नवंबर को प्रकाशित होगा प्रारूप

जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और ईआरओ के साथ की बैठक, समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात।

विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में बैठक हुई। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, आवश्यकतानुसार पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल बनाने के लिए भवनों के चिह्नांकन पर चर्चा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय में सुझाव एवं आपत्तियां उपलब्ध कराने की अपील की।

19 अक्टूबर को जारी होगी मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 18 अक्टूबर तक मतदेय स्थलों का सत्यापन और नए स्थलों के लिए भवनों का चिह्नांकन कर प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इसके बाद 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। 26 अक्टूबर तक प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का निस्तारण कर सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। 27 अक्टूबर को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजने के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावे-आपत्तियां

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत दो नवंबर तक मतदेय स्थलों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन पूरा किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इस सूची पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को निर्धारित है।

17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप

पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के गोविंद यादव, भाजपा के श्यामू शुक्ला, बसपा के ज्ञान चंद्र संखवार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राम अवतार भारती, आम आदमी पार्टी के भगवान सिंह यादव और समाजवादी पार्टी के शेखू खान समेत सभी ईआरओ तथा निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *