जुर्माना न जमा करने वाले नौ वाहन थाना भोगनीपुर की अभिरक्षा में सौंपे गए
संवाददाता
कानपुर देहात।
जनपद में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देशन में 13 अक्टूबर की शाम से 16 अक्टूबर की दोपहर तक चलाए गए विशेष अभियान में खान अधिकारी ने 35 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 20 लाख 62 हजार 490 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
अभियान के दौरान वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं, जुर्माना जमा न करने वाले नौ वाहनों को अग्रिम आदेशों तक थाना भोगनीपुर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर निगरानी जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी लगातार जारी रहेगी। खान अधिकारी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।