संवाददाता, उरई/जालौन
राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 07 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें गांधी महाविद्यालय उरई, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उरई, दयानंद वैदिक महाविद्यालय उरई, सनातन धर्म इंटर कॉलेज उरई, सर्वोदय इंटर कॉलेज उरई, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज उरई एवं राजकीय इंटर कॉलेज उरई शामिल हैं।
इन केंद्रों पर कुल 3068 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, सीलबंद प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था मानक अनुरूप सुनिश्चित की जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी अधिकारी, कर्मचारी या स्टाफ द्वारा मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी सहित संबंधित अधिकारी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।