बड़ौदा आरसेटी में 33 प्रशिक्षणार्थियों ने सीखा हुनर, आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ाए कदम

35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का समापन, सम्मान समारोह में स्वरोजगार अपनाने के लिए किया प्रेरित

संवाददाता
कानपुर देहात।

बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (बड़ौदा आरसेटी), कानपुर देहात में 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 33 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएलडीएम हेमंत सचान रहे। संस्थान के निदेशक मयंक कटियार ने उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण महिलाओं और युवाओं को हुनरमंद बनाने के साथ आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थी अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और रोजगार के नए अवसर तलाश सकते हैं।

संस्थान के निदेशक मयंक कटियार ने कहा कि बड़ौदा आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित व्यावहारिक और तकनीकी कौशल सिखाए गए, ताकि वे अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकें।

समारोह के सफल आयोजन में संस्थान के फैकल्टी निखिल मिश्रा, ऑफिस असिस्टेंट हर्षित मिश्रा, अटेंडर रोहित और गार्डनर शिवम का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और अपने हुनर का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *