डेरापुर में बाल संरक्षण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर जोर

बाल विवाह रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा और महिला सशक्तीकरण को लेकर हुई त्रैमासिक बैठक

संवाददाता
कानपुर देहात।

डेरापुर ब्लॉक सभागार में बुधवार को ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। प्रभारी खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बच्चों की सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम, बाल अपराधों पर अंकुश लगाने और महिला सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव ने बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

इस दौरान मिशन वात्सल्य, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098, 112, 181 और 1090 के प्रति जागरूक किया गया।

बैठक में जेंडर स्पेशलिस्ट घनश्याम, सामाजिक कार्यकर्ता शारदा साहू, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *