संवाददाता / उरई-जालौन
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, मोहल्ला रामनगर उरई का औचक निरीक्षण कर छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी। जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से छात्रावास प्रशासन में भी सक्रियता देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास के विभिन्न कक्षों का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों के रहने, भोजन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने छात्रावास परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, रहने की व्यवस्था और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी जिलाधिकारी के समक्ष अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। छात्रावास परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं विद्यार्थियों के अनुकूल बनाए रखने के साथ ही निरीक्षण के दौरान सामने आए आवश्यक बिंदुओं पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।