प्रोजेक्ट ‘नई किरण’ के तहत छह परिवारों में हुआ समझौता, दंपतियों ने साथ रहने का लिया फैसला

कानपुर देहात | संवाददाता

महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 5 जुलाई 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, कानपुर देहात स्थित सभागार में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कुल 35 पारिवारिक मामले प्रस्तुत किए गए। प्रोजेक्ट नई किरण से जुड़े अधिकारियों एवं काउंसलिंग टीम द्वारा दोनों पक्षों की काउंसलिंग एवं समझाइश के बाद 6 परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इसके बाद संबंधित पति-पत्नी ने पुनः साथ रहने की सहमति व्यक्त की। शेष मामलों में सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।

पुलिस विभाग के अनुसार, प्रोजेक्ट नई किरण का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर बिखरते परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ना तथा आपसी संवाद और समझ के माध्यम से रिश्तों को मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला उपनिरीक्षक ज्योति देवी, महिला आरक्षी रीनू, पूनम सागर, शालू देवी, रंजना सोनकर तथा काउंसलिंग टीम के सदस्य कंचन मिश्रा, डॉ. पूनम गुप्ता और श्रीराम प्रकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *