उरई, दिनांक 30 अप्रैल 2026 (सूचना विभाग)
आज दिनांक 30.04.2026 को अपरान्ह 04:30 बजे उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (दिनांक 09.05.2026) को प्रभावी एवं सफल बनाने के उद्देश्य से अनुश्रवण राष्ट्रीय लोक अदालत समिति की तृतीय बैठक का आयोजन किया गया।
यह बैठक अध्यक्ष/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत, परिवार न्यायालय जालौन (स्थान उरई) श्री प्रवीण कुमार पाण्डेय, अपर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, जालौन की अध्यक्षता में नवनिर्मित भवन स्थित वादकारियों के बैठने हेतु प्रतीक्षालय/परामर्शदाता केन्द्र, परिवार न्यायालय परिसर में संपन्न हुई।
बैठक में अध्यक्ष/नोडल अधिकारी द्वारा लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पारिवारिक, वैवाहिक एवं भरण-पोषण संबंधी वादों में पक्षकारों के मध्य सुलह वार्ता कराए जाने का प्रयास किया जाए, जिससे अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से संभव हो सके।
बैठक में उपस्थित परिवार कल्याण विशेषज्ञ सुश्री प्रियंका द्विवेदी तथा सदस्य/मध्यस्थगण श्री विनोद प्रकाश ब्यास एवं श्रीमती सुलेखा सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि लिटिगेशन से प्राप्त पत्रावलियों में निरंतर मध्यस्थता (मीडिएशन) की प्रक्रिया अपनाई जा रही है तथा पक्षकारों से सतत संपर्क कर नियत तिथियों पर सुलह वार्ता कराने का भरसक प्रयास किया जा रहा है, जिससे मामलों का समाधान आपसी सहमति के आधार पर हो सके।
बैठक में उपस्थित अधिवक्तागण ने भी आश्वासन दिया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण हेतु पक्षकारों को समझाकर सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के समाधान में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में सदर मुंसरिम श्री काजी वसीम उल्ला, अधिवक्तागण श्री कामेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, श्री महेश रंजन, श्री मनोज शुक्ला, श्रीमती अंशू द्विवेदी, श्रीमती सृष्टि चतुर्वेदी, श्री संगप्रिय गौतम एवं न्यायालय कर्मचारी श्री राजन मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।