संवाददाता | उरई/जालौन
अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा जनपद के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षणरत आरक्षियों की प्रशिक्षण प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रशिक्षणरत आरक्षियों को दिए जा रहे व्यवहारिक प्रशिक्षण, पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी तथा उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभवों को गंभीरता से आत्मसात करने तथा पुलिस सेवा के दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने पर बल दिया।
उन्होंने प्रशिक्षणरत आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना को अपने कार्य का आधार बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन के प्रति सकारात्मक व्यवहार अपनाने तथा पुलिस विभाग की गरिमा के अनुरूप कार्य करने की सीख दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशिक्षण अवधि पुलिस सेवा की मजबूत नींव होती है। इस दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव भविष्य में बेहतर पुलिसिंग और जनविश्वास को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणरत आरक्षियों को पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।