एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत प्रशिक्षण एवं टूलकिट हेतु आवेदन आमंत्रित मटर प्रसंस्करण ट्रेड में 10 दिवसीय प्रशिक्षण के साथ मिलेगा टूलकिट का लाभ

संवाददाता | उरई/जालौन

उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) टूलकिट एवं प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत जनपद जालौन के लिए मटर प्रसंस्करण (Pea Processing) ट्रेड में 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं टूलकिट वितरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक 20 जून 2026 तक विभागीय वेबसाइट www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा प्रशिक्षण पूर्ण होने पर कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

पात्रता की प्रमुख शर्तें

  • आवेदक उत्तर प्रदेश तथा जनपद जालौन का मूल निवासी होना चाहिए।
  • आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।
  • आवेदन हेतु किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है।
  • एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन करने के लिए पात्र होगा।
  • परिवार का आशय पति एवं पत्नी से है।
  • आवेदक को यह शपथ पत्र देना होगा कि उसने पिछले दो वर्षों में भारत सरकार अथवा प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के अंतर्गत संबंधित उत्पाद से जुड़ी टूलकिट का लाभ प्राप्त नहीं किया है।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

  • पासपोर्ट आकार का फोटो
  • आधार कार्ड
  • बैंक पासबुक की छायाप्रति
  • जाति प्रमाण पत्र (एससी/एसटी/ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु)
  • अन्य आवश्यक अभिलेख

उपायुक्त उद्योग ने जनपद के इच्छुक युवाओं, बेरोजगारों एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *