संवाददाता, कानपुर देहात
केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में “प्रगति पथ यात्रा” का आयोजन किया गया। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए गए विकास कार्यों के अवलोकन के क्रम में थाना अकबरपुर परिसर में नव निर्मित 48 क्षमता वाले हॉस्टल एवं बैरक का निरीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार की माननीय मंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा सदर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभागीय अभियंता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान “सेवा, सम्मान, संस्कार और सुशासन” की भावना के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को साझा किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बीते वर्षों में सरकार द्वारा जनहित में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रहा है।
माननीय मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि थाना अकबरपुर में 48 क्षमता वाले हॉस्टल एवं बैरक का निर्माण पुलिस विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पुलिस कर्मियों को थाना परिसर में ही बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके आवागमन में लगने वाला समय बचेगा और वे अधिक दक्षता एवं तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की सुविधाओं में वृद्धि होने से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी तथा आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता और बेहतर पुलिस सेवाएं प्राप्त होंगी।
इस दौरान ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए समय-समय पर निरीक्षण एवं समीक्षा किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन विकास कार्यों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने के संदेश के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया।