जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील सिकंदरा का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

संवाददाता, कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शनिवार को तहसील सिकंदरा का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं जनसेवा संबंधी कार्यों की प्रगति, कार्यालयीय व्यवस्थाओं तथा अभिलेखों के रख-रखाव की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं एवं न्यायालयों का भ्रमण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संधारण पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियों को श्रेणीबद्ध ढंग से संरक्षित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने नजारत शाखा में राजकीय अभिलेखों एवं सामग्रियों के रखरखाव की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, राजस्व निरीक्षक कार्यालय तथा खतौनी वितरण कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन शिकायतों पर असंतुष्टि का फीडबैक प्राप्त हुआ है, उनका वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सत्यापन कर प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

तहसील परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जनअनुकूल बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई आयोजित करने तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयपालन, जवाबदेही एवं आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की भी हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदरा, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *