संवाददाता, कानपुर देहात
जनपद की समस्त तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम तहसील सिकंदरा में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील सिकंदरा में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा हो जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की मौके पर जाकर जांच की जाए तथा समाधान के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका फीडबैक भी लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस पोर्टल एवं तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करने, शिकायत पंजिका का सुव्यवस्थित संधारण करने, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा आमजन के साथ संवेदनशील और शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं एवं तहसील सिकंदरा क्षेत्र की गौशालाओं का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्याय) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सिकंदरा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।