पुलिस अधीक्षक ने थाना अकबरपुर का किया औचक निरीक्षण, मिशन शक्ति केन्द्र व बाल शिशु गृह की व्यवस्थाएं परखी

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने 11 मार्च 2026 को थाना अकबरपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिशन शक्ति केन्द्र, बाल शिशु गृह तथा थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति केन्द्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता और पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, रजिस्टरों के रख-रखाव, शिकायत निवारण व्यवस्था, काउंसलिंग रिकॉर्ड, हेल्पलाइन कनेक्टिविटी तथा स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा की।

इसके बाद उन्होंने बाल शिशु गृह का निरीक्षण करते हुए वहां बच्चों की देखभाल, स्वच्छता, शिक्षा और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने लॉकअप की स्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, महिला हेल्प डेस्क की सक्रियता, थाने की स्वच्छता और साज-सज्जा तथा शस्त्रों के रख-रखाव का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह और प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *