मिशन शक्ति 5.0 के तहत कानपुर देहात पुलिस का जागरूकता अभियान

बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों और हेल्पलाइन की दी जानकारी

संवाददाता | कानपुर देहात

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कानपुर देहात पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया।

अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं।

इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई, जिससे वे पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठा सकें। पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल या खातों के जरिए धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी समझाए।

अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया। इसमें POCSO अधिनियम (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। साथ ही समाज में अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना भी इसका मुख्य लक्ष्य है।

पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें या हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *