परिवार परामर्श केंद्र की पहल से 6 परिवारों में हुआ समझौता, टूटने से बचे रिश्ते

संवाददाता, उरई/जालौन

महिला परिवार परामर्श केंद्र द्वारा वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए लगातार परामर्श सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में परिवार परामर्श टीम ने आपसी मतभेदों के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे छह परिवारों में सफल समझौता कराकर उनके रिश्तों को नई मजबूती प्रदान की।

परामर्श केंद्र में महिला पुलिस अधिकारियों एवं नामित सदस्यों द्वारा पति-पत्नी तथा उनके परिजनों के बीच उत्पन्न विवादों को गंभीरता से सुनते हुए दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई। संवाद और समझाइश के माध्यम से पारिवारिक विवादों को सुलझाने का प्रयास किया गया।

काउंसलिंग के बाद संबंधित दंपत्तियों ने भविष्य में आपसी विवाद और लड़ाई-झगड़े से दूर रहने, एक-दूसरे का सम्मान करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन मिल-जुलकर करने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने उन्हें आपसी सामंजस्य, विश्वास और सहयोग के साथ जीवन व्यतीत करने की सलाह दी।

परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को पारिवारिक संबंधों को सहेजने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *