संवाददाता | उरई/जालौन
महिला परिवार परामर्श केंद्र द्वारा वैचारिक मतभेद के कारण टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को एकजुट करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित परामर्श सत्र में छह परिवारों के बीच आपसी समझौता कराकर उनके रिश्तों को बिखरने से बचाया गया।
परामर्श केंद्र में महिला पुलिस अधिकारियों एवं नामित सदस्यों की टीम ने पति-पत्नी तथा उनके परिजनों के बीच उत्पन्न विवादों को गंभीरता से सुना और दोनों पक्षों की काउंसलिंग की। संवाद एवं आपसी समझ के माध्यम से मतभेद दूर करने का प्रयास किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।
काउंसलिंग के बाद सभी छह दंपत्तियों ने भविष्य में आपसी लड़ाई-झगड़ा न करने, एक-दूसरे का सम्मान करने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन मिलकर करने का संकल्प लिया। दोनों पक्ष खुशी-खुशी साथ रहने के लिए सहमत हुए।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने दंपत्तियों को सलाह दी कि वे आपसी विश्वास, संवाद और सामंजस्य बनाए रखते हुए अपने वैवाहिक जीवन को मजबूत करें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय बातचीत के माध्यम से समाधान निकालें।
महिला परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर रिश्तों को बचाना तथा परिवारों में खुशहाली और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।