नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का प्रथम दिवस सकुशल संपन्न दोनों पालियों में 5,118 अभ्यर्थी हुए उपस्थित, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का प्रथम दिवस जनपद जालौन में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की कड़ी निगरानी रखी गई तथा प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहे।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में यह परीक्षा 08, 09 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। इसके लिए कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन दिनों की छह पालियों में कुल 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

प्रथम दिवस की पहली पाली में 3,264 अभ्यर्थियों में से 2,556 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 708 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 3,264 अभ्यर्थियों में से 2,562 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 702 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों में से 5,118 ने परीक्षा दी, जबकि 1,410 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *