संवाददाता, कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकरण के निस्तारण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से अवगत कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों को समय-समय पर उनके मामलों की वर्तमान स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।