जालौन में जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को वितरित किए चेक, विकास भवन में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
संवाददाता
उरई/जालौन।
दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत देते हुए प्रदेश सरकार ने गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन से आयोजित कार्यक्रम में 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को सब्सिडी का लाभ प्रदान किया।
विकास भवन में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
जनपद जालौन में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचन्द्र निरंजन, जिलाधिकारी समीर सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए गए।
उज्ज्वला योजना से महिलाओं को मिली राहत
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया है। वहीं, विधायकों ने कहा कि गैस रिफिल सब्सिडी से त्योहार के अवसर पर गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
जिलाधिकारी समीर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।