थाना शिवली पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार मुखबिर की सूचना पर मलिकपुर मोड़ से पकड़ा गया आरोपी, निशानदेही पर आलाकत्ल कैंची बरामद

संवाददाता
कानपुर देहात, 15 जून 2026

जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल कैंची भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम मलिकपुर में 13 जून 2026 को प्रताप सिंह की हत्या की घटना सामने आई थी। मामले में मृतक के भाई भूरा सिंह की तहरीर पर थाना शिवली में मु0अ0सं0 209/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त सूरज सिंह (22 वर्ष), निवासी ग्राम मलिकपुर, थाना शिवली को 14 जून को मुखबिर की सूचना पर मलिकपुर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक छोटी कैंची बरामद की गई। साथ ही उसकी जामा तलाशी में 120 रुपये नकद तथा सिगरेट और बीड़ी की डिब्बी भी मिली।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दादा प्रताप सिंह के साथ रहता था और घरेलू परिस्थितियों एवं पारिवारिक तनाव के बीच उसने गुस्से में घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद उसने आलाकत्ल कैंची को एक रूमाल में लपेटकर घर के ऊपरी कमरे में ईंट के नीचे छिपा दिया और बाद में कानपुर नगर स्थित अपनी बुआ के घर चला गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी

  • घटना में प्रयुक्त एक छोटी कैंची (आलाकत्ल)
  • जामा तलाशी से 120 रुपये नकद
  • सिगरेट एवं बीड़ी की डिब्बी

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह
  • उपनिरीक्षक अजय कुमार
  • हेड कांस्टेबल मोहित यादव
  • कांस्टेबल लोकेश कुमार
  • हेड कांस्टेबल जय कृष्ण

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *