संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद जालौन में रविवार को आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा छह परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा संचालन पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है, जिससे अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,332 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 870 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की सतर्क निगरानी में परीक्षा पूरे जनपद में शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।