संवाददाता
कानपुर देहात, 14 जून 2026
सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के अनुपालन में चलाए गए इस अभियान के तहत मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
रात्रि में चला सघन चेकिंग अभियान
क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने 14 जून 2026 को रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न एवं नंबर प्लेट की जांच की गई, वहीं चालकों की ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब सेवन की भी जांच की गई।
216 वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 216 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही उल्लंघनकर्ताओं से ₹18,95,000 (अठारह लाख पचानवे हजार रुपये) का शमन शुल्क वसूल करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार के आकस्मिक अभियान लगातार जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।