कॉलेज की छुट्टी के बाद सहपाठी के साथ बाइक से जा रहा था छात्र, मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
संवाददाता
राजपुर/कानपुर देहात
राजपुर। कस्बे में सोमवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार कक्षा नौ के छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के अनवा गांव निवासी लल्लू सिंह का 18 वर्षीय पुत्र सत्यवीर सिंह कस्बे के एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे कॉलेज की छुट्टी के बाद वह अपने सहपाठी के साथ बाइक से जा रहा था। ब्लॉक कार्यालय के पास मुगल रोड पर पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
डंपर के पहिए की चपेट में आया छात्र
टक्कर के बाद सत्यवीर बाइक से गिरकर डंपर के पहिए की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सत्यवीर को सरकारी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. मनोज सर्राफ ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन घायल छात्र को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सत्यवीर को मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।