कानपुर देहात | संवाददाता
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के निर्देशन में मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव ने जिला कारागार, कानपुर देहात का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कारागार परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने कारागार में निरुद्ध बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा रहने, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर बल दिया।
श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बंदियों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।
निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक, जेलर, उप जेलर सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बंदियों को उनके विधिक अधिकारों का लाभ समय पर उपलब्ध हो सके।