संवाददाता, कानपुर देहात
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 20 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।
पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा तथा 1076 पुलिस कंट्रोल रूम सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं एवं उनकी उपयोगिता के बारे में भी अवगत कराया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई। महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
इसके अतिरिक्त पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई।
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ावा देना है। पुलिस प्रशासन ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना संकोच पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता लें।
पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जनपद पुलिस ने नागरिकों से भी सुरक्षित, जागरूक और सम्मानजनक समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।