संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।