संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी वर्षाकाल 2026 के लिए वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा दशहरा की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ए.के. पाण्डेय ने जानकारी दी कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जनपद कानपुर देहात में वन विभाग सहित 25 विभागों द्वारा कुल 50.27 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण की कार्ययोजना समय से तैयार कर भेजी जाए तथा गत वर्षों में लगाए गए पौधों की सिंचाई एवं सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
प्रभागीय वनाधिकारी ने संबंधित विभागों से कहा कि पौधरोपण हेतु गड्ढा खुदाई का कार्य जून 2026 के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण कर लिया जाए तथा विभागीय नोडल अधिकारियों की सूचना वन विभाग कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय स्तर पर कम से कम 10 पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम, मनरेगा एवं पंचायतीराज विभाग को पानी की टंकियों एवं ग्राम सचिवालय परिसरों में अनिवार्य रूप से वृक्षारोपण कराने को कहा गया।
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वर्षाकाल से पूर्व नालों की सफाई एवं प्लास्टिक कचरे को हटाने के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग को सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि 25 मई 2026 को गंगा दशहरा के अवसर पर नदी घाटों पर भारी भीड़ होने की संभावना है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा क्षेत्रीय अधिकारी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देशित किया गया कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट जल का शोधन सुनिश्चित करने के बाद ही उसे छोड़ा जाए।