कानपुर देहात | संवाददाता
कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा तथा जिला स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था, मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों एवं निर्माण इकाइयों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य कारोबारियों को विशेष अभियान एवं शिविरों के माध्यम से खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठा सकें।
बैठक में मीट विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5533 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया, ताकि आमजन खाद्य पदार्थों एवं दवाओं से संबंधित शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें।
जिलाधिकारी ने जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने औषधि निरीक्षक को मेडिकल स्टोरों का नियमित एवं सघन निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसके साथ ही मिलावटी एवं अवैध दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी संजय यादव, जनपद के सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारी, औषधि निरीक्षक अजय कुमार सन्तोषी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।