एसपी सुरेश चंद्र रावत के निर्देश पर 10 थानों की पुलिस ने चलाया अभियान, चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी
संवाददाता
उरई/जालौन।
जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जालौन पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में बुधवार, 28 अक्टूबर को जिले के 10 थानों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। इस दौरान 24 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जिनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत उरई, डकोर, कोटरा, कोंच, एट, कैलिया, माधौगढ़, कुठौंद, कालपी और आटा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पूछताछ के लिए उरई से पांच, डकोर से तीन, कोटरा से एक, कोंच से तीन, एट से दो, कैलिया से चार, माधौगढ़ से एक, कुठौंद से एक, कालपी से दो और आटा से दो संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाया गया।
चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, डकोर थाना क्षेत्र से दो, माधौगढ़ से एक और कुठौंद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में डकोर थाना क्षेत्र के निवासी निखिल राजपूत और बिमल, कुठौंद थाना क्षेत्र के निवासी अवनीश तथा माधौगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी पुष्पेंद्र सिंह धौनी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपराध नियंत्रण के लिए अभियान जारी
पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत थाना स्तर पर हिस्ट्रीशीटरों, चोरी और नकबजनी के पूर्व मामलों में प्रकाश में आए अभियुक्तों तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। जालौन पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।