सिरसाकलार पुलिस की कार्रवाई, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद
संवाददाता
उरई/जालौन।
मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में महिला पर जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी राइफल से फायरिंग करने के आरोपी को सिरसाकलार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर की लाइसेंसी राइफल, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मकान निर्माण के दौरान उसके पड़ोसी भानु प्रताप ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से उस पर राइफल से फायरिंग की। इस मामले में थाना सिरसाकलार में मुकदमा अपराध संख्या 116/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में 30 अक्टूबर को सिरसाकलार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भानु प्रताप पुत्र स्वर्गीय देव सिंह, निवासी ग्राम बिहरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।