संवाददाता | माती, कानपुर देहात | 12 जुलाई 2026
माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद न्यायालय, कानपुर देहात में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह ने किया।
अभियान के तहत कचहरी भवन परिसर एवं जज कॉलोनी परिसर में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश श्री रविंद्र सिंह ने स्वयं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण को प्राथमिकता देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ-साथ नैतिक दायित्व भी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-13 श्री शरद त्रिपाठी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-14 श्री पीयूष तिवारी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (कोर्ट संख्या-15) श्री सुरेंद्र सिंह, श्री आनंद प्रिय गौतम सहित जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा न्यायालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से न्यायिक अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा वृक्षों के संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।