सुरक्षा एवं पारदर्शिता व्यवस्था पर विशेष जोर, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम की गहन जांच
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा, संरक्षा एवं पारदर्शिता से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने ईवीएम लॉग-बुक का अवलोकन करते हुए उसमें अपनी निरीक्षण टिप्पणी दर्ज की तथा अभिलेखों के समुचित रख-रखाव के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का भी विस्तार से निरीक्षण किया और कैमरों के माध्यम से होने वाली निगरानी की गुणवत्ता एवं निरंतरता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कार्मिकों को निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने तथा नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, तलहा मजहर, ईवीएम सहायक सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।