मंत्री असीम अरुण ने एसडीएम को दिए निर्देश, मूलभूत सुविधाओं के लिए भी उठाए जाएंगे ठोस कदम
संवाददाता
कानपुर देहात
शिवली। नहरी बरी, शिवली में आयोजित ‘घुमंतू समाज आभार सम्मेलन’ में प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने घुमंतू समाज के विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि विशेष शिविर लगाकर समाज के लोगों के आधार कार्ड, जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाए जाएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार घुमंतू समाज के सर्वांगीण विकास और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज के लोगों से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संदेश ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ को अपनाने का आह्वान किया।
सड़क, बिजली और आवास समेत सुविधाओं पर जोर
असीम अरुण ने कहा कि घुमंतू समाज का देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज के लोगों के साथ किसी भी प्रकार का अत्याचार नहीं होने दिया जाएगा। घुमंतू विकास मिशन और घुमंतू विकास बोर्ड के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, बारात घर, सामुदायिक भवन और सामुदायिक शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। विशेष शिविरों के माध्यम से राशन कार्ड, आवास योजना और रोजगार से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने पर भी जोर दिया गया।
सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने से घुमंतू समाज के लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
सम्मेलन में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद अनिल सिंह वारसी, चुंबकनाथ जी, जहांगीरनाथ जी, रावेन्द्र कुमार, गुरुशरण राजवीर, सूरजनाथ सपेरा, गौतम नगर, आशिक अली, अब्दुल गनी बंजारा समेत बड़ी संख्या में सर्वसमाज के लोग मौजूद रहे।