ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता, अस्थायी पक्के डायवर्जन का निर्माण तेजी से शुरू
संवाददाता | उरई/जालौन
जालौन। ग्राम रंगोली में मलंगा नाला पर निर्माणाधीन पुल का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि मलंगा नाला पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हाल में हुई भारी बारिश के कारण नाले में पानी का प्रवाह बढ़ने से आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया था। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य प्रभावित किए बिना ग्रामीणों का आवागमन सुचारु रखने के लिए पाइप डालकर पक्का अस्थायी डायवर्जन तैयार किया जाए। उनके निर्देशों के अनुपालन में मौके पर डायवर्जन निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करा दिया गया। अधिशासी अभियंता द्वारा पूरी टीम, मशीनरी एवं आवश्यक मानव संसाधन लगाकर कार्य को तेजी से कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने स्थायी पुल का निर्माण शीघ्र पूरा कराए जाने की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए तथा कार्य की नियमित रूप से निगरानी की जाए।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि अस्थायी पक्के डायवर्जन का निर्माण दो से तीन दिन में पूरा कर आवागमन सुचारु कराने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर डायवर्जन तैयार कर ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस व्यवस्था से जहां ग्रामीणों की तत्काल आवागमन संबंधी समस्या का समाधान होगा, वहीं निर्माणाधीन पुल का मूल कार्य भी निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की सुविधा एवं निर्माण कार्य की गुणवत्ता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।