गोवंशों को गुड़-चना खिलाकर जताया स्नेह, बेहतर देखभाल और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सरसौखी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर वहां संरक्षित गोवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला परिसर का भ्रमण कर गोवंशों के रख-रखाव, चारा, पेयजल, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में संरक्षित गोवंशों को अपने हाथों से गुड़ एवं चना खिलाया। गोवंशों के प्रति स्नेह एवं संवेदनशीलता का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि गोवंशों का संरक्षण एवं उनकी बेहतर देखभाल शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला में प्रत्येक गोवंश को पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक चारा, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने तथा गोवंशों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार एवं कमजोर गोवंशों को तत्काल चिन्हित कर उनके उपचार एवं विशेष देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही गौशाला में चारे की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गौशाला केवल गोवंशों को आश्रय देने का स्थान नहीं, बल्कि उनकी सेवा, सुरक्षा एवं बेहतर देखभाल का केंद्र है। इसलिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से गौशाला की व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें और यह सुनिश्चित करें कि संरक्षित गोवंशों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशाला की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गोवंशों की देखभाल शासन की मंशा के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गौशाला से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।