पंपिंग सेट लगाकर जलनिकासी का कार्य तेज, उरई रजवाहे के पक्के निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
जालौन। उरई के इंदिरा नगर क्षेत्र में जलभराव की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और जलनिकासी के लिए किए जा रहे राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जलभराव के कारणों एवं अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्र में शीघ्र जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में हुई भारी बारिश के कारण खेतों में बड़ी मात्रा में पानी एकत्र हो गया था। इंदिरा नगर के आसपास नई बस्ती विकसित होने के साथ कई स्थानों पर खेतों में आवास भी बने हुए हैं। खेतों का पानी उरई रजवाहे में पहुंचने से नहर का जलस्तर बढ़ गया, जिससे ओवरफ्लो की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके चलते रजवाहे में लगभग पांच से छह स्थानों पर कटान होने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका द्वारा तत्काल पंपिंग सेट लगाए गए हैं और उरई रजवाहे के पानी को डायवर्ट कर जलनिकासी का कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंपिंग सेट के माध्यम से जलनिकासी का कार्य लगातार जारी रखा जाए और प्रभावित क्षेत्र से जल्द से जल्द पानी निकालकर स्थानीय लोगों को राहत पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया जा रहा है। साथ ही उरई रजवाहे को पक्का किए जाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भविष्य में कटान की समस्या पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं जलनिकासी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता धर्म घोष, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।