संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना गजनेर पुलिस द्वारा बकरा चोरी के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए दो बकरे बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को ग्राम हिम्मापुरवा, थाना गजनेर निवासी राजन सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के बाहर बंधे एक काले और एक भूरे रंग के दो बकरों को मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर थाना गजनेर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना गजनेर पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को यूपीएसआईडीसी ग्रोथ सेंटर, गजनेर रोड स्थित पानी की टंकी के पास से आरोपी जुबैर (35 वर्ष) निवासी ग्राम जुग्गापुर, कृपालपुर, थाना अकबरपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए दोनों बकरे बरामद हुए, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी धर्मेन्द्र उर्फ आशिक के साथ मिलकर बकरों की चोरी की थी। दोनों चोरी किए गए बकरों को घाटमपुर में बेचने की योजना बना रहे थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वे चोरी कर पशुओं को बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जुबैर के विरुद्ध पूर्व में गौवध निवारण अधिनियम सहित अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी सनत कुमार, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी हरगोविन्द सिंह, कांस्टेबल गुरदीप सिंह तथा आरक्षी युवराज प्रताप सिंह शामिल रहे।