संवाददाता | उरई/जालौन
जनपद जालौन के लिए रविवार का दिन खेल जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ, जब उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त तरणताल (स्विमिंग पूल) एवं विकसित खेल परिसर का लोकार्पण कर जनपदवासियों को बड़ी सौगात दी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल एक स्विमिंग पूल नहीं, बल्कि जिले की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने वाला केंद्र साबित होगी। उन्होंने कहा कि जहां खेल के मैदान आबाद होते हैं, वहां अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण स्वतः विकसित होता है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तरणताल के निर्माण से बच्चों एवं युवाओं को तैराकी का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेलों के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में खेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा “एक मंडल-एक स्पोर्ट्स कॉलेज” और “एक जनपद-एक खेल” जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को नई संभावनाएं और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नई खेल नीति के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए रोजगार, सम्मान और पुरस्कार की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे युवा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक खेल परिसर और तरणताल की स्थापना से जनपद जालौन में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी तथा यहां के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।