एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ें, पौधरोपण को जनआंदोलन बनाएं : स्वतंत्र देव सिंह

संवाददाता | उरई/जालौन

जनपद जालौन में वृहद पौधरोपण महाअभियान-2026 का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने उरई-कालपी रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी, आटा में पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से अधिकाधिक लोगों को जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का राष्ट्रीय संकल्प है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत वृक्षारोपण, कृषि वानिकी एवं सामाजिक वानिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 12 से अधिक व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भारतीय संस्कृति का प्रतीक है, जहां मां और प्रकृति दोनों को समान सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां जीवन देती है, उसी प्रकार वृक्ष संपूर्ण सृष्टि को जीवन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने भारतीय संस्कृति में वृक्षों के महत्व का उल्लेख करते हुए शास्त्रों के प्रसिद्ध श्लोक “दशकूपसमावापी…” का उल्लेख किया और कहा कि हमारी परंपरा में एक वृक्ष को दस पुत्रों के समान महत्व दिया गया है। यह हमारी संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की भावना को दर्शाता है।

जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि बढ़ता तापमान, अनियमित वर्षा, सूखा, बाढ़ और भू-जल स्तर में गिरावट आज वैश्विक चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि एक विकसित वृक्ष प्रतिवर्ष लगभग 100 से 120 किलोग्राम ऑक्सीजन प्रदान करता है तथा अपने जीवनकाल में एक टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड अवशोषित करने की क्षमता रखता है। घने वृक्षों वाले क्षेत्रों में तापमान आसपास के क्षेत्रों की तुलना में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रहता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण का भी सबसे प्रभावी एवं स्थायी उपाय है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में संचालित हरित अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में एक ही दिन में 36.50 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया था। वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में 190 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और राज्य शीघ्र ही 200 करोड़ पौधरोपण का आंकड़ा पार करने की ओर अग्रसर है।

मंत्री ने बताया कि फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के वन एवं वृक्षावरण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पौधों की 100 प्रतिशत जियो-टैगिंग, ड्रोन एवं सैटेलाइट के माध्यम से निगरानी तथा वैज्ञानिक संरक्षण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पौधों के जीवित रहने की दर लगभग 90 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो देश में सर्वाधिक मानी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगर वन, मित्र वन, पंचवटी एवं हरिशंकरी जैसी योजनाओं के माध्यम से हरित क्षेत्र का विस्तार कर रही है। साथ ही किसानों को फलदार, औषधीय एवं इमारती पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पूर्वजों की स्मृति अथवा किसी भी शुभ अवसर पर एक पौधा लगाने और उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण करने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश शासन के सचिव (कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग) तथा जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने किसानों से कृषि वानिकी अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि फलदार एवं इमारती वृक्ष किसानों की आय बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन तथा कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने भी पौधरोपण अभियान को जनआंदोलन बनाने, पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों की नियमित देखभाल पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन भी किया गया तथा अधिकाधिक पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *