खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान जारी, मसालों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हल्दी पाउडर एवं सब्जी मसाला के नमूने संग्रहित, रिपोर्ट के आधार पर होगी विधिक कार्रवाई

संवाददाता | उरई/जालौन

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर मसालों के नमूने संग्रहित किए।

अभियान के दौरान गोपालगंज बंबई रोड स्थित एसएस ट्रेडर्स से हल्दी पाउडर एवं सब्जी मसाला के नमूने लिए गए। इसके अलावा करमेर रोड उरई स्थित एवीआर एंटरप्राइजेज से भी हल्दी पाउडर एवं सब्जी मसाला के नमूने संग्रहित किए गए।

टीम ने राठ रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट से भी हल्दी पाउडर का नमूना लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा है। सभी नमूनों की वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह ने बताया कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जनपद के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जाती रहेगी।

इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार एवं महेश प्रसाद सहित विभागीय टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *