एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत मटर प्रसंस्करण हेतु कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित इच्छुक एफपीओ एवं सेक्शन-8 कंपनियां 19 जून तक जमा कर सकेंगी अभिरुचि पत्र

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत जनपद जालौन में मटर प्रसंस्करण उत्पाद के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए इच्छुक स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी), एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) एवं सेक्शन-8 कंपनियों से अभिरुचि पत्र (ईओआई) आमंत्रित किए गए हैं।

उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार भास्कर ने बताया कि पात्र संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में ईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) भरकर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र में जमा कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि अभिरुचि पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 19 जून 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक संस्थाएं विभागीय वेबसाइट www.msme.up.gov.in से ईओआई फॉर्म डाउनलोड कर आवेदन कर सकती हैं।

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना का उद्देश्य मटर प्रसंस्करण क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार लाना, स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देना तथा किसानों और उद्यमियों की आय में वृद्धि करना है।

उन्होंने इच्छुक एफपीओ एवं सेक्शन-8 कंपनियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *