अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवाओं के लिए सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू

संवाददाता
कानपुर देहात

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक एवं युवतियों के लिए रोजगारपरक सीसीसी (CCC) कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से कराया जाएगा।

योजना के तहत ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जो उत्तर प्रदेश के निवासी हों, अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हों, न्यूनतम इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण हों तथा जिनके माता-पिता/अभिभावकों की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो। अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही आवेदक बेरोजगार हो तथा किसी शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो।

प्रशिक्षण की अवधि तीन माह होगी। विभाग द्वारा प्रशिक्षण शुल्क के रूप में प्रति लाभार्थी अधिकतम 3,500 रुपये संबंधित मान्यता प्राप्त कम्प्यूटर संस्थान को प्रदान किए जाएंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में दी गई जानकारी का सत्यापन आय, जाति, निवास एवं शैक्षिक प्रमाण-पत्रों के मूल अभिलेखों से किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित 20 जुलाई 2026 सायं 5:00 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कमरा संख्या-111, कानपुर देहात में जमा करना अनिवार्य होगा।

योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *