संवाददाता | कानपुर देहात
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत कंचौसी के वार्ड संख्या-01 अम्बेडकर नगर (मलिन बस्ती) में जन-जागरूकता कैंप एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रसूलाबाद श्रीमती पूनम शंखवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, पीएम स्वनिधि योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की गई।
विधायक पूनम शंखवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वृक्षारोपण जैसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत कंचौसी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह एवं अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। इसके अलावा भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष सेवाराम राजपूत, सभासद अनुज पोरवाल, राघवेन्द्र सिंह, मनोनीत सभासद राधेश्याम कोरी, अवधेश सविता, सरोज सेंगर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा।