कानपुर देहात ने चकबन्दी कार्यों में रचा कीर्तिमान, प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में 83.85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बना अव्वल

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात ने चकबन्दी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। चकबन्दी निदेशालय द्वारा जारी मूल्यांकन में जनपद ने 83.85 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश के सभी जिलों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी विमल कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/उपसंचालक चकबन्दी दिग्विजय कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन तथा चकबन्दी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि माननीय चकबन्दी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में प्रदेश के सभी जनपदों में चकबन्दी कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन कराया गया। इस मूल्यांकन में धारा-10, धारा-23, धारा-24 एवं धारा-52 के अंतर्गत किए गए कार्यों तथा चकबन्दी संबंधी वादों के निस्तारण को आधार बनाया गया।

प्रदेश स्तर पर जहां औसत प्रगति 60 प्रतिशत दर्ज की गई, वहीं कानपुर देहात ने 83.85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। जनपद में चक पुष्टिकरण, कब्जा परिवर्तन तथा धारा-52 के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पूर्ण कर निर्धारित समयसीमा में कार्य संपन्न किए गए।

जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यों की सतत निगरानी की गई, जिसके परिणामस्वरूप चकबन्दी कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जनसुलभ बनी।

इसके अलावा आईजीआरएस एवं हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया गया। इससे किसानों का चकबन्दी प्रक्रिया के प्रति विश्वास मजबूत हुआ और कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय रहते निराकरण संभव हो सका।

बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी विमल कुमार ने कहा कि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए जनपद को प्रदेश की शीर्ष रैंकिंग में बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *